श्याम धर दुबे MIRZAPUR
MIRZAPUR में श्रम विभाग की योजनाओं में बड़े भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। बिना विवाह और बिना पात्रता के फर्जी खातों में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने का आरोप है। भ्रष्टाचार उजागर होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई से कतरा रहे हैं।
इस मामले में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना मीरजापुर के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को पत्रक सौंपकर एफआईआर और मजिस्ट्रियल जांच की मांग की है। ज्ञापन में आरोप है कि श्रम विभाग के कुछ अधिकारी-कर्मचारी और बिचौलिये संगठित गिरोह बनाकर निर्माण श्रमिकों और मजदूरों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर रहे हैं।
कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, फर्जी परिवार रजिस्टर नकल, प्रसव प्रमाण पत्र और आंगनबाड़ी सत्यापन के आधार पर मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा कन्या विवाह सहायता योजना का लाभ दिलाया गया। जांच रिपोर्ट में 12 में 12 आवेदन फर्जी पाए गए, जबकि एक अन्य जांच में 105 में से 90 आवेदन फर्जी निकले। इन खातों में लाखों रुपये का भुगतान किया गया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि बिना विवाह और बिना पुत्री के ही कन्या विवाह योजना का लाभ फर्जी खाते में भेजा गया। जांच अधिकारियों पर पद के दुरुपयोग का भी आरोप लगा है। करणी सेना ने दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों, बिचौलियों और लाभार्थियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
