सम्भल न्यूज़
डिविजन हैड – सचिन कुमार वार्ष्णेय
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत संभल में चालकों का नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण, 78 चालान काटे गए
संभल। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह को जीरो फेटेलिटी माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 जनवरी 2026 को परिवहन विभाग द्वारा नई तहसील परिसर स्थित उप संभागीय परिवहन कार्यालय में नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में 110 व्यावसायिक चालकों, परिचालकों एवं लाइसेंस आवेदकों की नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 2 चालकों में बीपी, 1 में डायबिटीज तथा 5 में नेत्र दोष पाया गया। नेत्र चिकित्सक डॉ. सतीश कुमार (राजकीय चिकित्सालय) द्वारा नेत्र दोष से ग्रसित चालकों को चश्मा प्रयोग करने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त प्रवर्तन अभियान के दौरान संभल–हसनपुर मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करने पर कार्रवाई की गई। अभियान में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु लोगों को जागरूक भी किया गया। प्रवर्तन कार्रवाई के तहत हेलमेट न पहनने पर 38, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन प्रयोग पर 6, ओवरलोड माल परिवहन पर 3, बिना परमिट संचालन पर 5, बीमा प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर 10, प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर 7 तथा अनधिकृत संचालन पर 2 चालान किए गए।
इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त बरेली परिक्षेत्र कमल प्रसाद गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अमिताभ चतुर्वेदी, यात्री/मालकर अधिकारी, चिकित्सा, नर्सिंग एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा रोडवेज के चालक-परिचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
