• Sat. Feb 21st, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

पन्ना भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम अंतर्गत 5 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ

भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम अंतर्गत 5 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ
➡️
गृह विभाग के आपदा प्रबंध संस्थान के निर्देशानुसार पन्ना जिले में भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम अंतर्गत सोमवार को जिला स्तरीय भूकंप रोधी संरचना निर्माण विषयक पांच दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय पर प्रथम चरण का प्रशिक्षण 16 से 20 फरवरी तक एवं द्वितीय चरण में 23 से 27 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। प्रथम प्रशिक्षण का शुभारंभ होमगार्ड ग्राउण्ड पन्ना में अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में प्रतिभागियों को भूकंप आपदा प्रबंधन सहित बिल्डिंग एवं फायर सेफ्टी कोड, स्ट्रक्चर एनालिसिस एवं सॉफ्टवेयर इत्यादि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। प्रति दिवस 50 प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा किसी भी स्वरूप में आ सकती है। इस प्रशिक्षण के जरिए प्रशिक्षणार्थी आवश्यक बारीकियां सीखेंगे। प्रशिक्षण में विभिन्न माध्यमों से वांछित जानकारियों के बारे में अवगत कराया जाएगा। भूकंप संबंधी आपदा प्रबंधन में यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण सबित होगा। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों से बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपेक्षा की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी और व्यवहारिक रूप से प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन कार्ययोजना में सभी विभागों और सहभागी संस्थाओं का समन्वित प्रयास व सहयोग जरूरी है। संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी कुशल सिंह गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम प्रशिक्षण में महाविद्यालयों के शैक्षणिक स्टॉफ सहित पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, ग्रामीण और शहरी निकायों के अधिकारी, माध्यमिक एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टॉफ को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि सेवानिवृत्त सैनिक, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट, स्काउड गाइड, नेहरू युवा केन्द्र तथा एनजीओ सहित जिला व जनपद पंचायत कर्मियों को दूसरे चरण में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों द्वारा उत्साहपूर्वक भागीदारी की गई। इस दौरान पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया। कार्यक्रम में जिला सेनानी होमगार्ड शालीवाहन पाण्डेय एवं परियोजना अधिकारी पियूष मिश्रा भी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें