• Thu. Feb 26th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

बेला में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 28 डेसिमल सरकारी भूमि कब्जा मुक्त

औरैया के बेला कस्बे में अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत बेला में दिबियापुर रोड पर स्थित राज्य सरकार की लगभग 28 डेसिमल बेशकीमती भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया ने किया। बताया गया कि उक्त भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही थी।शिकायतों के आधार पर एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पैमाइश कराई। सीमांकन के बाद अवैध कब्जे को हटवाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक सख्ती के चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान थाना बेला के प्रभारी गंगा दास गौतम पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल एवं अन्य कर्मियों ने कार्रवाई में सहयोग किया। एसडीएम ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चिन्हित की गई अन्य भूमि को भी अभियान चलाकर कब्जा मुक्त कराया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से भूमि माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की पहल की सराहना की।