औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र में बेला-कानपुर रोड पर रविवार सुबह एक वृद्ध महिला सड़क किनारे बैठी मिलीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें काफी देर से वहीं बैठे देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ कर उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश शुरू की।
पूछताछ में महिला की पहचान रामवती पत्नी स्व. वंशलाल निवासी मदरे पुरवा, ठठिया के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि उनका नाती सोनू उन्हें कथित रूप से बेला-कानपुर रोड पर छोड़कर चला गया था। जानकारी के अनुसार महिला शनिवार रात से ही सड़क किनारे बैठी हुई थीं।
सुबह स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना डायल 112 और बेला थाना पुलिस को दी। सूचना पर उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित स्थान पर बैठाकर उनसे जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाना ठठिया को भी सूचना दे दी है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि महिला के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें उनके परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
इस दौरान समाजसेवी शिक्षक आशीष शुक्ला ने डायल 112 और थाना पुलिस को सूचना देकर वृद्ध महिला की मदद करने में अहम भूमिका निभाई।
