• Thu. Mar 26th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

बहजोई कलक्ट्रेट में बिजली समस्याओं पर बैठक, जनप्रतिनिधियों ने उठाए मुद्दे

बहजोई स्थित कलक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ के निर्देश पर जनपद के जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभल के विधायक श्री इकबाल महमूद ने की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विद्युत से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। विधायक श्री इकबाल महमूद ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत समय पर नहीं हो पाती, जिससे जनता को परेशानी होती है। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, गुन्नौर के विधायक श्री राम खिलाड़ी यादव ने भी बिजली आपूर्ति से संबंधित मुद्दे उठाए और अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने की शिकायत की। इस पर मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन अनिवार्य रूप से उठाएं और यदि किसी कारणवश फोन न उठा सकें तो कॉल बैक कर समस्याएं सुनें।
नगर पालिका अध्यक्ष बहजोई श्री राजेश शंकर राजू ने क्षेत्र में बिजली घर को शीघ्र चालू कराने की मांग की, ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारू बनी रहे। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन विद्युत कार्यों को समय पर पूरा करने और ट्रांसफार्मरों की कमियों को दूर करने पर जोर दिया।
बैठक में अधीक्षण अभियंता द्वारा गत वर्ष किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई तथा प्रस्तावित योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। मुख्य अभियंता ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री ममलूकुर्रहमान बर्क, विधायक श्री इकबाल महमूद, विधायक श्री राम खिलाड़ी यादव, मुख्य अभियंता अशोक चौरसिया (मुरादाबाद क्षेत्र), नगर पालिका अध्यक्ष बहजोई श्री राजेश शंकर राजू, नगर पालिका अध्यक्ष चंदौसी, अधीक्षण अभियंता हिमांशु वार्ष्णेय सहित कई अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।