सम्भल (बहजोई), 30 मार्च 2026:
सम्भल जनपद के जिला विकास अधिकारी राम आशीष की सुपुत्री कु. स्वाति ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित पीसीएस-2024 परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए खण्ड विकास अधिकारी (BDO) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। आयोग द्वारा 29 मार्च 2026 को घोषित अंतिम परिणाम में स्वाति का चयन होने से परिवार सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।
स्वाति की इस उपलब्धि पर जिला विकास अधिकारी राम आशीष ने हर्ष व्यक्त किया। वहीं जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उन्हें बधाई दी और स्वाति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मूल रूप से जनपद मऊ के विकास खण्ड दोहरीघाट के ग्राम विशुनपुरा निवासी राम आशीष के गांव में भी इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है। ग्रामवासियों ने इसे पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण बताते हुए स्वाति और उनके परिवार को बधाई दी।
शैक्षिक पृष्ठभूमि की बात करें तो कु. स्वाति ने लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध नेशनल पीजी कॉलेज, लखनऊ से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
