बिना परमिट वाहन जब्त चालकों को सत्यापन व लाइसेंस निरस्त करने सख्त निर्देश
सम्भल। शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जनपद में 1 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के पहले ही दिन परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल वाहनों की व्यापक जांच की।
बुधवार को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सम्भल एवं यात्री/मालकर अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान होलीस्प्रिंग पब्लिक स्कूल, हसनपुर रोड, सम्भल और मनोज्ञा राघव इंटर कॉलेज, पवांसा के वाहनों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान एक वाहन बिना वैध परमिट के संचालित होता मिला। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर संबंधित थाने में निरुद्ध करा दिया।
इसके अलावा अधिकारियों ने स्कूली वाहनों के चालकों व परिचालकों को निर्देशित किया कि वे अनिवार्य रूप से अपना चरित्र सत्यापन संबंधित थाने से कराएं तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन संचालन करें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अभियान अवधि में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके
