जनपद सम्भल में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) अभियान के तहत पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार के निर्देशन में एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी चन्दौसी श्री दीपक कुमार के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्र में चौपाल आयोजित कर बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने बाजारों, चौराहों, स्कूलों-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही पंपलेट वितरित कर वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के माध्यम से समाज में महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
