औरैया में एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) और एक लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर फफूंद केशमपुर सब स्टेशन पर की गई, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए सदर कोतवाली ले गई। पुलिस के अनुसार, इन पर एक उपभोक्ता से काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि मामले की जांच जारी है।
शिकायतकर्ता दीपक बाबू पुत्र वीरेंद्र कुमार सेहदपुर फफूंद गांव के निवासी हैं और दिल्ली-एनसीआर में फूड विभाग में ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके गांव में एक मंदिर का निर्माण हो रहा है, जिसके ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षा कारणों से हटवाने के लिए उन्होंने आवेदन किया था।इस काम के लिए उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिसमें से 11 हजार रुपये बतौर अग्रिम शुक्रवार को दिए जाने थे। दीपक बाबू ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो लखनऊ में दर्ज कराई थी।
ब्यूरो की टीम ने लाइनमैन लल्लन कुशवाहा और जेई अजय कुमार पांडेय को 11 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार किए गए जेई अजय कुमार पांडेय (30 वर्ष) बनारस के निवासी हैं, जबकि लाइनमैन लल्लन कुशवाहा (25 वर्ष) केशमपुर, फफूंद का रहने वाला है।
