• Sun. Feb 22nd, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

राज्यमंत्री श्री पटेल ने ग्राम खोजाखेड़ी में उप-स्वास्थ्य केंद्र एवं अजबधाम (फतेहपुर) में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

विधायक, मंत्री बनना तभी सार्थक है जब क्षेत्र की जनता को सुख मिले और विकास दिखाई दे – राज्यमंत्री श्री पटेल
==
2028 तक क्षेत्र के 01 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा का लक्ष्य
==
किसान मजबूत होगा तो प्रदेश और देश दोनों प्रगति करेंगे
==
दुनय धाम योजना एवं सीतानगर परियोजना विस्तार से सैकड़ों गांवों में पहुंचेगा सिंचाई के ‍लिए जल
==
राज्यमंत्री श्री पटेल ने ग्राम खोजाखेड़ी में उप-स्वास्थ्य केंद्र एवं अजबधाम (फतेहपुर) में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण
===

जब भी किसी क्षेत्र में विकास होता है तो उसका सीधा लाभ आमजन को मिलता है। पूर्व की स्थिति को समझे बिना वर्तमान की प्रगति का अंतर समझ में नहीं आता। हर जिले में लहलहाती फसलें, बढ़ते सिंचाई संसाधन और पक्के मकान प्रदेश के विकास की गवाही दे रहे है। पिछले 20-22 वर्षों में मध्यप्रदेश ने तीव्र गति से प्रगति की है और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। इस आशय के विचार प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने ग्राम खोजाखेड़ी में 65 लाख की लागत से नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किये।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा विधायक, मंत्री बनना तभी सार्थक है जब क्षेत्र की जनता को सुख मिले और विकास दिखाई दे। उन्होने कहा यदि मैं अपने क्षेत्र के प्रत्येक गांव और हर खेत तक पानी नहीं पहुंचा पाया, तो मेरा मंत्री या विधायक बनना सार्थक नहीं है। उन्होने कहा वे वर्ष 1983 से अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और क्षेत्र के प्रत्येक गांव, गली और मोहल्ले से भली-भांति परिचित हैं। मेरी कार्यशैली हमेशा से “पहले काम, फिर बात” की रही है और आगे भी जनहित में इसी सोच के साथ कार्य करते रहेंगे।

उन्होने कहा क्षेत्र में लक्ष्य वर्ष 2028 तक 1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके आगे का उद्देश्य “हर खेत तक पानी” पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर यह लक्ष्य हासिल करेगी, ताकि किसान समृद्ध हों और प्रदेश आत्मनिर्भर बने।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री की किसान हितैषी घोषणाओं से अत्यंत प्रसन्न एवं अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि दमोह जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणाएं ऐतिहासिक हैं और इनसे क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होने बताया मुख्यमंत्री द्वारा घोषित दुनय धाम योजना लगभग 400 से 500 करोड़ रुपये की लागत की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के 25 से 30 गांवों में प्रेशराइज्ड पाइपलाइन के जरिए सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध होगा और खेती की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सीतानगर सिंचाई परियोजना में छूटे 33 गांवों को भी जोड़ने की घोषणा की गई है। यह लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत की योजना है, जो एक से दो वर्ष में पूर्ण होकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाएगी। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि किसानों के खेत तक पानी पहुंचाना ही वास्तविक विकास है।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा इन घोषणाओं से दमोह विधानसभा क्षेत्र के 33 गांवों को जोड़कर करीब 60 गांवों में सीधे सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लाखों क्विंटल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

उन्होने कहा कि यदि किसान मजबूत होगा तो प्रदेश और देश दोनों प्रगति करेंगे। खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया और कहा कि दमोह जिले में विकास और निर्माण कार्यों की झड़ी लग चुकी है, जिसका लाभ जनसामान्य को मिल रहा है।

#Damoh

अन्य ख़बरें