सोफिया स्कूल दमोह में वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन
दमोह – सोफिया स्कूल दमोह में वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा नगर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को समारोह में सहभागी बनने हेतु आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, भाजपा जिला महामंत्री महेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह परिहार रहे। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का गरिमामय स्वागत किया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री लखन पटेल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक गतिविधियों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
राज्य मंत्री ने कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान देने का केंद्र नहीं होते, बल्कि यहीं से बच्चों के चरित्र, संस्कार और भविष्य की नींव रखी जाती है। आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों को भी आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। सोफिया स्कूल जैसे शिक्षण संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को समान महत्व देकर एक आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं। इस प्रकार के वार्षिक समारोह बच्चों में आत्मविश्वास, मंच कौशल और रचनात्मकता को बढ़ाते हैं।
वार्षिक समारोह विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नृत्य, गीत एवं विविध सांस्कृतिक झलकियां प्रस्तुत की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रबंधक टोनी चटर्जी एवं प्रधानाध्यापिका श्रीमती गरिमा चटर्जी के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
