सम्भल न्यूज़
डिवीजन हैड – सचिन कुमार वार्ष्णेय
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई, थाना धनारी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जनसेवा-उन्मुख बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक महोदय जनपद सम्भल श्री कृष्ण कुमार के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अनुकृति शर्मा द्वारा थाना धनारी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाने पर प्रचलित समस्त अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। अभिलेखों को अद्यतन, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निस्तारण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा हवालात की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। साथ ही सम्पत्ति गृह में मालखाने की प्रविष्टियों, रख-रखाव एवं अभिलेखीकरण की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। बैरक एवं थाना कार्यालय का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता, अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। थाना परिसर में स्वच्छता, समयबद्ध अभिलेख संधारण और फरियादियों से शालीन व संवेदनशील व्यवहार अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी से सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। पुलिस प्रशासन की इस पहल से जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
