जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी
ब्यूरो प्रमुख -बस्ती जनपद
दिनांक: 24 जनवरी 2026
बस्ती : उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर भारत रत्न पं0 अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अध्यक्षता प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले व जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल द्वारा की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, समृद्ध संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकनृत्य, लोकगीत तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। यूपी दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न लाभपरक परियोजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट, डेमोचेक, प्रशस्ति पत्र तथा कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रभारी मंत्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे बड़ा राज्य है, बल्कि यह सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से भी देश को दिशा देने वाला प्रदेश रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, रोजगार एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी प्रतिभा के बल पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें।
जनपद के प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना व मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल एवं जिला स्तरीय अधिकारी ने उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जनपद की विभिन्न विभागों द्वारा भारत रत्न पं0 अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, एक जिला एक व्यंजन, जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, पंचायतीराज विभाग, बेसिक शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष विभाग, पर्यटन विभाग, व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, पुलिस विभाग, कृषि उत्पादक समूह (एफपीओ), कृषि, रेशम, मत्स्य, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन(स्वयं सहायता समूह), बाल विकास एंव पुष्टाहार, ग्राम्य विकास विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, वन विभाग, गन्ना विकास विभाग, दुग्धशाला विकास विभाग, उद्यान एवं परसंस्करण विभाग व अन्य विभागों द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी स्टाल का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होने तिरंगे गुब्बारे को आकाश मे छोड़कर प्रदेश की एकता और गौरव का संदेश दिया।
