पूरे जिले और शहर में इस अभियान की एक मजबूत लहर उठाई जाएगी, ताकि शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाया जा सके- कलेक्टर श्री कोचर
==
साइकिलिंग से स्वच्छता की ओर टीम ‘उम्मीद’ का अनोखा अभियान
==
11 सप्ताह से जारी स्वच्छता मुहिम, साइकिल से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
===
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि टीम ‘उम्मीद’ पिछले 11 सप्ताह से लगातार स्वच्छता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में आज टीम ने एक नया संकल्प लिया-“साइकिलिंग से स्वच्छता की ओर”। इस अभियान में करीब 25 से 30 लोग शामिल हुए, जिनमें छोटे बच्चों से लेकर 55 वर्ष तक के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होने बताया सभी प्रतिभागियों ने साइकिलिंग करते हुए नए जिला न्यायालय परिसर (निर्माणाधीन कोर्ट) तक पहुंचकर वहां स्वच्छता अभियान चलाया। इस पहल के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। स्वच्छता अभियान के पश्चात टीम एलोरा कॉलोनी पहुंची, जहां सीमा जाट के आग्रह पर पूरी कॉलोनी सक्रिय हो गई। यहां थैली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीम का स्पष्ट संदेश रहा- “पॉलिथीन को ना और थैली को हाँ”।
कॉलोनीवासियों ने लिया पॉलिथीन न इस्तेमाल करने का संकल्प
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों, विशेषकर स्त्री-शक्ति और वरिष्ठजनों, ने थैलियाँ खरीदीं और यह संकल्प लिया कि वे आगे बाजार जाते समय अपने घर से थैली लेकर जाएंगे। यदि कोई दुकानदार पॉलिथीन देगा, तो वे स्पष्ट रूप से कहेंगे-“हमें पॉलिथीन नहीं चाहिए।”
श्यामनगर में होगा अगला कार्यक्रम, पूरे शहर में उठेगी लहर
इस अभियान की अगली कड़ी श्यामनगर कॉलोनी में आयोजित की जाएगी। टीम ‘उम्मीद’ कॉलोनी-दर-कॉलोनी जाकर इस जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाएगी।
घंटाघर पर थैला वितरण करेंगे राज्यमंत्री श्री लोधी
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ध्वजारोहण के पश्चात घंटाघर पर थैला वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि पूरे जिले और शहर में इस अभियान की एक मजबूत लहर उठाई जाएगी, ताकि शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाया जा सके।
#Damoh
