• Sun. Mar 29th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

आधार अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा

जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में आधार कार्ड अपडेट के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 29 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सतपाल पुत्र घनश्याम, निवासी गांव गुप्पा थाना जुनावई, जनपद संभल (उम्र करीब 22 वर्ष) है। आरोपी लोगों के आधार कार्ड में बदलाव कराने के बहाने लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग करता था। वह कंप्यूटर के जरिए फोटो, फिंगरप्रिंट और अन्य विवरण बदलकर अवैध तरीके से आधार अपडेट करता था और इसके बदले लोगों से धन वसूलता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना अधिकृत ऑपरेटर हुए ही फर्जी तरीके से आईडी बनाकर काम कर रहा था। वह अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी नियमों का उल्लंघन कर लोगों को गुमराह कर रहा था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।
गिरफ्तारी बहजोई-बरनाला रोड स्थित एक मोबाइल दुकान के पास की गई। आरोपी के खिलाफ थाना बहजोई में आईटी एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आधार संबंधी कार्य केवल अधिकृत केंद्रों पर ही कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।