यूपी में बारिश-आंधी का सिलसिला जारी है। बुधवार सुबह से लखनऊ, गोंडा, गोरखपुर, जौनपुर और अलीगढ़ समेत 25 जिलों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हो रही है। मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर और लखीमपुर में दोपहर बाद ओले गिरे। शाम 5 बजे के बाद हरदोई, सहारनपुर में भी ओले गिरने से सड़क-खेतों में सफेद चादर बिछ गई।
प्रयागराज के मेजा में गंगा फेरी घाट पर बना पांटून (पीपा) पुल पानी के तेज बहाव में बह गया। बाराबंकी में चलती रोडवेज बस पर पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। मुजफ्फरनगर में 20 फीट सड़क धंस गई। ग्रामीण इलाकों में कई जगह खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल डूब गई।
मौसम विभाग ने आज 47 जिलों में बारिश और 9 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
योगी ने किसानों के नुकसान को लेकर अफसरों को 24 घंटे में सर्वे के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुआवजा दिलाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार अन्नदाताओं के साथ खड़ी है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, मंगलवार की बात करें तो आगरा, मथुरा समेत 15 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। कानपुर-झांसी में कई पेड़ और पोल उखड़ गए। लखनऊ में खराब मौसम की वजह से दो फ्लाइट्स लैंड नहीं कर पाईं। उन्हें वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। इस दौरान फ्लाइट आधे घंटे तक आसमान में चक्कर लगाती रही।
पी के आसपास के राज्यों में भी मौसम बिगड़ा
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यूपी से लगे राज्यों में भी मौसम बिगड़ा हुआ है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की वजह से जनवरी-फरवरी जैसी ठंड पड़ रही है। उत्तराखंड के 10 जिलों में तेज बारिश हो रही है। हरियाणा और पंजाब में भी मौसम बिगड़ा हुआ है। बिहार में बादल छाए हैं। आंधी-बारिश का अलर्ट है।

