बलौदाबाजार, 28 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका शनिवार, 29 अगस्त को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के संक्षिप्त प्रवास पर रहेंगे। राज्यपाल के प्रवास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। राज्यपाल ग्राम चाम्पा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन करेंगे तथा मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल श्री रमेन डेका शनिवार सुबह 10 बजे लोक भवन, रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा ग्राम चाम्पा के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 12 बजे वे ग्राम चाम्पा पहुंचेंगे, जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कॉन्फ्रेंस हॉल के उद्घाटन एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल दोपहर 1:30 बजे ग्राम चाम्पा से छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री टंकराम वर्मा के निवास के लिए रवाना होंगे। वहां दोपहर 1:35 बजे पहुंचकर आरक्षित भोजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे ग्राम चाम्पा से सड़क मार्ग द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम करीब 5 बजे लोक भवन, रायपुर पहुंचेंगे।
राज्यपाल के प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, प्रोटोकॉल तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। राज्यपाल के साथ एडीसी श्री उदित पुष्कर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश ठाकुर, डीएसपी श्री निलकिशोर अवस्थी, चिकित्सक डॉ. अल्पना सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ भी रहेंगे।
राज्यपाल के जिला प्रवास को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा एवं स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्राम चाम्पा में होने वाले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला
बलौदा बाजार-भाटापारा
