दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और पाबंदियों पर CJI सूर्यकांत ने सोमवार को कहा- ये मेरा मुद्दा नहीं है। CJI विज्ञान भवन में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के 33वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात नहीं करने की वजह भी बताई।
CJI ने कहा- रविवार को विपक्षी सांसदों का पत्र मिला था, जिसका जवाब मैंने उसी रात दे दिया था। सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। कोई भी आम नागरिक या निर्वाचित जनप्रतिनिधि याचिका दाखिल कर सकता है। कोर्ट उनकी समस्याएं सुनेगा और कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगा।
इस बीच, राहुल गांधी ने कहा कि CJI ने उन्हें अपनी चिंताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने को कहा है। राहुल के मुताबिक, INDIA ब्लॉक के नेता सोमवार शाम संयुक्त रूप से याचिका दाखिल करेंगे। राहुल ने CEC के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर CJI से मुलाकात का समय मांगा था। लेकिन CJI ने इनकार कर दिया।
