चाणक्य न्यूज़ इंडिया के लिए महराजगंज से शम्स तबरेज खान की रिपोर्ट।
महराजगंज। पुरानी रंजिश और घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। श्यामदेउरवां कस्बे में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय संदीप कुमार की गुरुवार रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में उसका 14 वर्षीय छोटा भाई शिवम भी घायल हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात जयकिशन ने संदीप के घर के सामने बाइक खड़ी कर दी थी। इस पर संदीप की मां ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे संदीप अपने छोटे भाई शिवम के साथ श्यामदेउरवां गया था। इसी दौरान जयकिशन ने अपने साथियों के साथ दोनों भाइयों को घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में संदीप और शिवम के साथ जयकिशन भी घायल हो गया।
घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया। संदीप और शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रात करीब नौ बजे संदीप ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में पुलिस ने जयकिशन, रंजीत और अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की। संदीप तीन भाइयों में से एक था। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल और तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
बाइक खड़ी करने को लेकर खूनी संघर्ष, लोहे की रॉड से हमला; 18 वर्षीय संदीप की मौत श्यामदेउरवां में दो पक्षों के बीच मारपीट में छोटे भाई समेत तीन घायल, तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
