• Mon. Jun 1st, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था चरमराई, पांच खंभे टूटे

औरैया जिले में शुक्रवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया। अलग-अलग क्षेत्रों में पेड़ गिरने और तेज हवाओं के कारण कुल पांच बिजली खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस के बीच परेशानियों का सामना करना पडा। वहीं जलापूर्ति और दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। बिजली विभाग ने सुधार कार्य कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी है।

विद्युत उपकेंद्र बेला क्षेत्र के गांव बेला बस्ती में तेज हवाओं के कारण एक विशाल नीम का पेड़ जड़ से उखड़कर बिजली लाइन पर गिर गया। इससे दो बिजली खंभे टूट गए और पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घटना देर रात होने के कारण सड़क पर आवाजाही नहीं थी।जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। जिसके बाद सूचना मिलते ही सुबह से बिजली कर्मियों ने सुधार कार्य कर बिजली शुरू करा दी।

वहीं, बेला विधुत उपकेंद्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गैली में शुक्रवार रात करीब 11 बजे तेज आंधी और वर्षा के चलते मुख्य विद्युत लाइन के तीन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण गैली, तिरकों और पुरवा भवन गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।बिजली न होने से प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति और दूरसंचार सेवाओं पर भी असर पड़ा है। सूचना पर पहुंचे विधुत कर्मियों ने सुधार कार्य कर शनिवार सुबह दस बजे विधुत आपूर्ति बहाल करा दी।

अवर अभियंता (जेई) वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मौके पर भेज दिया गया। लाइनमैन अंशुल और अंशु बाथम, उत्तम, कुलदीप समेत अन्य को आवश्यक उपकरणों के साथ मरम्मत कार्य के लिए भेजा था। गिरे हुए पेड़ को हटाकरा लाइन को सही करके दोनों जगह आपूर्ति बहाल कर दी गई है। नए खंभे लगाने का कार्य किया जा रहा है।

अन्य ख़बरें