‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई
बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026। आगामी पर्व-त्योहारों और बरसात के मौसम को देखते हुए जिलेवासियों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है।
इसी अभियान के तहत पूर्व में ज्ञानचंद एंड संस, सदर बाजार भाटापारा से जांच के लिए गुड़ का नमूना लिया गया था। प्रयोगशाला जांच में नमूना अवमानक पाए जाने के बाद अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी द्वारा संबंधित फर्म पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
वहीं मंगलवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बलौदाबाजार के लिटल बावर्ची रेस्टोरेंट, गार्डन चौक तथा अंश होटल, अंबेडकर चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, आटा, मगज, फल्लीदाना एवं बासमती चावल के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा बरकती बिरयानी, अंबेडकर चौक बलौदाबाजार में कार्रवाई करते हुए लगभग 5 किलोग्राम रंग युक्त चिकन फ्राई एवं चिकन चिल्ली को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के साथ-साथ खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना भी है।
चाणक्य न्यूज़ | बलौदाबाजार-भाटापारा
हिमांशु शुक्ला
