पोकरण लोक देवता बाबा रामदेवजी के भादवा मेले में देश के विभिन्न राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रामदेवरा पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं में बाबा के प्रति आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। कई श्रद्धालु अपने साथ बड़ी-बड़ी ध्वजाएं और घोड़े लेकर बाबा के जयकारे लगाते हुए रामदेवरा पहुंच रहे हैं।
पैदल यात्रियों के जत्थे रास्ते भर बाबा रामदेवजी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। रामदेवरा पहुंचने के बाद श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते और भजनों पर झूमते नजर आ रहे हैं। मेला क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं के जत्थों से उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
मन्नत पूरी होने पर चढ़ाते हैं ध्वजा और घोड़ा
बाबा रामदेवजी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के चलते कई भक्त मन्नत पूरी होने पर बाबा की समाधि पर घोड़ा और बड़ी ध्वजा चढ़ाते हैं। वहीं श्रद्धालु रामसरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से रामदेवरा का मेला क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है।
प्रशासन की ओर से सुविधाओं पर जोर
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर ग्राम पंचायत, मेला प्रशासन और समाधि समिति की ओर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। दर्शन के लिए बैरिकेडिंग के माध्यम से कतार व्यवस्था बनाई गई है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश, सफाई सहित आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेला क्षेत्र में लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही को लेकर भी व्यवस्थाएं की गई हैं। धीरे-धीरे रामदेवरा में पैदल यात्री संघों के जत्थों का जन सैलाब उमड़ कर पहुंच रहा है। यह पैदल यात्री संघों का दौरा भादवा सुदी दशमी तक अनवर ग्रुप से अत्यधिक जोर पड़कर जारी रहेगा। इन पैदल यात्रियों में बाबा की समाधि करने के प्रति भारी उत्साह दिखाई दिया।
उपखंड अधिकारी एवं रामदेवरा मेला अधिकारी हीर सिंह चारण के कुशल निर्देशन में मेला चौक रामदेवरा स्थित मेला अधिकारी कार्यालय के माध्यम से इन पैदल यात्री संघों को बाबा की समाधि के सुगमता पूर्वक दर्शन करवाने के लिए प्रवेश पास जारी किया जा रहा है जिसके कारण यह श्रद्धालु गण सीधा पूर्वक दर्शन लाभ ले रहे हैं
