रात्रि चौपाल का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है- कलेक्टर श्री कोचर
==
शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
===
ग्राम चंदना में रात्रि चौपाल, कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
==
जिले के जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम चंदना में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्राम चंदना सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, राशन वितरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री कोचर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा, शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि चौपाल का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इस प्रकार की पहल से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत होता है।
उन्होने बताया जिला प्रशासन द्वारा निरंतर गांवों में रात्रि चौपाल आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 29 दिसंबर को चंदना गांव के पंचायत भवन में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें हर्रई सहित अन्य गांवों के ग्रामीण भी शामिल हुए। लगभग तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई।
ग्रामीणों ने बताया, यह पहली बार है जब उन्हें जिला स्तर के अधिकारी के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला, जिससे उनमें संतोष और विश्वास का भाव उत्पन्न हुआ है। चौपाल में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
