• Fri. May 29th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

सुल्तानपुर मिशन शक्ति-5.0 के तहत छात्र-छात्राओं ने किया थाना लम्भुआ का शैक्षिक भ्रमण

 

सुल्तानपुर ब्यूरो रिपोर्ट
दिनांक 27फरवरी2026
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत थाना लम्भुआ, जनपद सुलतानपुर में शुक्रवार को एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देशन में कंपोजिट स्कूल लम्भुआ के छात्र-छात्राओं को थाना परिसर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, महिला हेल्प डेस्क की भूमिका समझाना तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा। थाना परिसर पहुंचने पर बच्चों का स्वागत किया गया और उन्हें शिकायत कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का अवलोकन कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में समझाया कि थाने में शिकायत किस प्रकार दर्ज होती है और किस तरह से पीड़ितों की सहायता की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का निःसंकोच उपयोग करें।
छात्राओं को गुड टच–बैड टच, आत्मरक्षा के प्राथमिक उपाय, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
मिशन शक्ति-5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करना है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग बनते हैं।
सुलतानपुर पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968

7 thoughts on “सुल्तानपुर मिशन शक्ति-5.0 के तहत छात्र-छात्राओं ने किया थाना लम्भुआ का शैक्षिक भ्रमण”

Comments are closed.