• Sat. Mar 21st, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

SULTANPUR पालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल की पहल से सुलतानपुर को मिला नया पार्किंग समाधान, बार एसोसिएशन को सौंपी गई जिम्मेदारी

ByNews Editor

Jan 15, 2026 #SULTANPUR

SULTANPUR  न्यूज़
उदय भान की रिपोर्ट

पालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल की पहल से सुलतानपुर को मिला नया पार्किंग समाधान, बार एसोसिएशन को सौंपी गई जिम्मेदारी

सुलतानपुर शहर में लंबे समय से चली आ रही जाम की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पीछे निर्मित नवीन पार्किंग स्थल को क्रियाशील कर दिया गया है। पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की सक्रिय भूमिका और दूरदर्शी पहल के चलते यह पार्किंग अब बार एसोसिएशन सुलतानपुर के संचालन में सौंप दी गई है।
बार एसोसिएशन सुलतानपुर के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समारोह में नगर पालिका परिषद सुलतानपुर और बार एसोसिएशन के बीच आपसी सहमति से अनुबंध किया गया। इस अनुबंध के तहत 86 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन पार्किंग स्थल का संचालन बार एसोसिएशन को सौंपा गया है, जबकि भूमि का स्वामित्व नगर पालिका के पास ही रहेगा

समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक सुलतानपुर विनोद सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन महासचिव दिनेश कुमार दूबे ने किया। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राकेश सिंह और अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज भी उपस्थित रहे।अपने संबोधन में पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि दीवानी न्यायालय के आसपास सड़कों पर खड़े वाहनों से उत्पन्न जाम और आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन को वार्षिक 1.50 लाख रुपये शुल्क पर नियम एवं शर्तों के साथ पार्किंग संचालन का अधिकार दिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी
विधायक विनोद सिंह ने पालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों और जिला प्रशासन के सहयोग से शहर की एक बड़ी समस्या का समाधान संभव हो पाया है। वहीं बार अध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने अधिवक्ताओं से अपील की कि सभी अपने वाहनों को अनिवार्य रूप से नवीन पार्किंग स्थल में ही खड़ा करें, ताकि जाम की समस्या दोबारा न खड़ी हो।कार्यक्रम में पूर्व बार अध्यक्षों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, सभासदों एवं बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे