औरैया जिले के बेला–बिधूना मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। गुरुवार को इसी मार्ग पर तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ऋषि कुमार पुत्र दशरथ सिंह निवासी ग्राम ढिपारा, कसारी से अपने गांव वापस आ रहे थे। जैसे ही वह बेला क्षेत्र में हरदू फायर ब्रिगेड के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि युवक को हाथ-पैर में चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वैगनआर कार को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बेला–बिधूना मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
