• Sat. Aug 22nd, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट नवाबगंज में पैमाईश के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा, महिला ने डीजल छिड़ककर किया आत्मदाह का प्रयास

ByAshok Mishra

Aug 22, 2026

नवाबगंज (गोंडा)। कस्बे के सोती पुल के पास गुरुवार को जमीन की पैमाईश के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैमाईश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लात-घूसे चलने लगे। इसी दौरान एक महिला द्वारा डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किए जाने से मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्नोहरपुर गांव निवासी हरिराम सिंह अपने बेटे हनुमंत सिंह और अन्य सहयोगियों के साथ सोती पुल के पास अपनी जमीन की पैमाईश करा रहे थे। न्यायालय के आदेश पर हो रही पैमाईश के दौरान राजस्व निरीक्षक परशुराम मिश्रा, लेखपाल ओमप्रकाश वर्मा और पुलिस बल मौके पर मौजूद था।
पैमाईश शुरू होते ही विश्नोहरपुर गांव निवासी विधवा लुसरा पत्नी राधे अपने बेटे और एक अन्य सहयोगी के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पैमाईश के तरीके पर आपत्ति जताते हुए राजस्व टीम पर गलत तरीके से पैमाईश करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

विवाद के दौरान लुसरा और उनके सहयोगियों ने अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति संभाल ली, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

 

लुसरा ने बताया कि उन्होंने गाटा संख्या 1625/2 में परसापुर गांव निवासी सोनू से लाल से छह बिस्वा जमीन बैनामा लिया था। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष और राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से उनकी जमीन को अलग किए बिना ही पैमाईश कराई जा रही थी।

 

वहीं दूसरे पक्ष के हनुमंत सिंह ने बताया कि उक्त गाटा संख्या में उनके पिता हरिराम सिंह और माता बिंदू सिंह के नाम बैनामा दर्ज है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जमीन की पैमाईश कराई जा रही थी।

 

इस संबंध में लेखपाल ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पैमाईश कराई जा रही थी। जिस गाटे की पैमाईश हो रही थी, उससे महिला का कोई लेना-देना नहीं है।

 

थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि विवाद के मामले में दोनों पक्षों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968