जैसलमेर। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री सतेंद्र सिंह (आईपीएस) ने रविवार को ग्राम पंचायत म्याजालार में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप) की बैठक ली। बैठक में क्षेत्र की कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई।
आईजी सतेंद्र सिंह के म्याजालार पहुंचने पर सरपंच गीतां कंवर एवं जुगत सिंह सोढ़ा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में जैसलमेर जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, मेजर भास्कर गोगाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सांखला, पुलिस उपाधीक्षक रूप सिंह इंदा, बीएसएफ के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के प्रमुख लोग मौजूद रहे।
सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस, बीएसएफ और ग्रामीणों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुझावों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया।
