अँकर . . महाराष्ट्र के वर्धा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ नागपुर-हैदराबाद हाईवे पर गोवंश तस्करी के एक बड़े प्रयास को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। अल्लीपुर पुलिस की सतर्कता और थानेदार संगीता हेलोंडे की सूझबूझ से 26 गोवंशों की जान बचाई गई है।
मामला अल्लीपुर का है। नागपुर-हैदराबाद नेशनल हाईवे पर देर रात करीब 3 बजे एक कंटेनर में गोवंश ले जाए जाने की गुप्त सूचना थानेदार संगीता हेलोंडे को मिली थी।
सूचना मिलते ही थानेदार हेलोंडे ने बिना देर किए अपनी टीम के साथ कंटेनर का पीछा शुरू किया। कंटेनर नंबर था – HR 55 T 4866
पुलिस ने कंटेनर को रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दी और भागने की कोशिश की।
इसके बाद तुरंत वडनेर पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही पर्यवेक्षण अधिकारी गोविंद गवली, हिंगणघाट के थानेदार अनिल राउत और वडनेर के जमादार गंगाधर भोकरे की टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद कंटेनर को कब्जे में ले लिया। जब कंटेनर को खोलकर देखा गया तो अंदर का नजारा दिल दहला देने वाला था। 26 जानवरों को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था।
पुलिस ने सभी 26 गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कंटेनर में सवार दो आरोपी मौके से फरार हो गए। वडनेर पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
थानेदार संगीता हेलोंडे की इस बहादुरी और तत्परता की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।
वर्धा से सतीश काळे की रिपोर्ट
