चाणक्य न्यूज़ इंडिया के लिए डा शाहनवाज ब्यूरो चीफ बिजनौर की रिपोर्ट
बिजनौर: रिजर्व पुलिस लाइन में मनाया गया ‘पुलिस स्मृति दिवस’, कर्तव्य पथ पर जान कुर्बान करने वाले वीर जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि।
देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की याद में आज पूरा देश ‘पुलिस स्मृति दिवस’ मना रहा है। इसी कड़ी में जनपद बिजनौर की रिजर्व पुलिस लाइन में भी एक भव्य और भावुक शोक परेड का आयोजन किया गया, जहां पुलिस के आला अधिकारियों और जवानों ने शहीद वीर पुलिसकर्मियों को नम आँखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
आज 21 अक्टूबर को बिजनौर की रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर एक विशेष शोक परेड का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बिजनौर श्री कृष्ण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीणश्री गौतम राय, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह समेत तमाम क्षेत्राधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। सभी ने शहीद स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश के वीर सपूतों को नमन किया।
इस दौरान परेड में पुलिस महानिदेशक (DGP) महोदय का संदेश पढ़कर सुनाया गया और कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर कार्मिकों के नामों का ससम्मान वाचन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान देश भर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए हुतात्माओं को याद किया गया। इस अवधि में जनपद जालौन और कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में विभिन्न घटनाओं के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 6 पुलिसकर्मियों/कर्मचारियों को विशेष रूप से स्मरण किया गया।
एसपी बिजनौर ने कहा कि
“पुलिस विभाग अपने इन वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और विभाग हर परिस्थिति में इन परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है.”
