बागेश्वर धाम के 10 दिवसीय महोत्सव की व्यवस्थाएं देखने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण बागेश्वर धाम में शुक्रवार से 10 दिवसीय कन्या विवाह महोत्सव की शुरुआत हो रही है। धाम में लाखों लोगों के व्यवस्थित रूप से आने और उन्हें किसी भी परेशानी से बचाने, यातायात सुगम करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने को ध्यान में रखकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बागेश्वर धाम आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। एडीएम मिलिंद नागदेवे ने सभी अधिकारियों और बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के सदस्यों के साथ बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। वहीं एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने यातायात और लोगों की सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर अपनी चर्चा की। इस अवसर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी, खजुराहो सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
