• Wed. Sep 9th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

“एक भी बच्चा छूटे ना” संकल्प के साथ संभल में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ

सम्भल (बहजोई), 04 अप्रैल 2026:
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में किया गया। इस अभियान का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी के कम्पोजिट विद्यालय शिवपुर से किया गया, जिसका सजीव प्रसारण बहजोई में आयोजित कार्यक्रम में देखा और सुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश शंकर राजू सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान अतिथियों का पुष्प एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अपने संबोधन में बताया कि अभियान दो चरणों में संचालित होगा—पहला चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तथा दूसरा चरण 01 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य “जीरो ड्रॉप आउट” हासिल करना है। इसके लिए शारदा ऐप के माध्यम से ड्रॉप आउट बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालयों में नामांकित किया जाएगा। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निजी विद्यालयों के बजाय सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराएं, क्योंकि सरकारी शिक्षक उच्च प्रशिक्षित और योग्य हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती गुलाब देवी ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नव नामांकित बच्चों का सम्मान कर उन्हें तिलक, माला एवं पुस्तक देकर प्रोत्साहित करना एक सराहनीय पहल है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान नए नामांकित बच्चों का सम्मान भी किया गया।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों द्वारा “स्कूल चलो अभियान” की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

One thought on ““एक भी बच्चा छूटे ना” संकल्प के साथ संभल में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ”

Comments are closed.

/** * Note: This file may contain artifacts of previous malicious infection. * However, the dangerous code has been removed, and the file is now safe to use. */