संभल। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा शनिवार को ग्राम रूकनुद्दीन सराय स्थित अशरफी चौराहा पर संचालित जीवन रेखा मेडिकेयर सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें अस्पताल कई गंभीर अनियमितताओं के साथ अवैध रूप से संचालित पाया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अत्यधिक गंदगी मिली और लगभग 5-6 बेड लगे हुए पाए गए। मौके पर मौजूद अमान पुत्र सलीम ने बताया कि अस्पताल का संचालन डॉ. कर्रार हुसैन द्वारा किया जाता है। जांच में सामने आया कि अस्पताल के लेटर पैड पर डॉ. परवेज खान, एम.डी. (एएमयू अलीगढ़) अंकित था, जबकि दूरभाष पर संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को कर्रार हुसैन (बी.यू.एम.एस.) बताते हुए परवेज खान को अपना दूसरा नाम बताया और एम.डी. डिग्री को गलत तरीके से लिखवाना स्वीकार किया।
अस्पताल में एक कमरे को ऑपरेशन थिएटर के रूप में उपयोग किए जाने के संकेत मिले, जहां सर्जरी टेबल और अन्य उपकरण मौजूद थे। साथ ही एक अन्य कमरे में 3-4 बेड के साथ पल्स मॉनिटर जैसे उपकरण भी पाए गए। निरीक्षण में बड़ी संख्या में आई.वी. इंजेक्शन भी मिले, जबकि शासनादेश के अनुसार बी.यू.एम.एस. चिकित्सकों को ऐसे उपचार की अनुमति नहीं है।
मौके पर प्रस्तुत पंजीकरण प्रमाण पत्र की वैधता 31 मार्च 2026 तक ही थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि अस्पताल वर्तमान में बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था। इसके अलावा परिसर में एक मेडिकल स्टोर भी संचालित पाया गया, जिसका कोई पंजीकरण दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह अस्पताल पिछले 5 से 10 वर्षों से संचालित हो रहा था। प्रथम दृष्टया यह भी सामने आया कि बिना वैधानिक योग्यता के मरीजों के ऑपरेशन किए जा रहे थे, जो गंभीर लापरवाही का मामला है।
नगर मजिस्ट्रेट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया और नोडल अधिकारी (क्वैक्स) डॉ. मनोज चौधरी को जांच के बाद संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
Related Post
One thought on “संभल में अवैध रूप से संचालित ‘जीवन रेखा मेडिकेयर सेंटर’ सील, बिना मान्यता के हो रहे थे इलाज और ऑपरेशन”
Comments are closed.

[…] संभल में अवैध रूप से संचालित ‘जीवन रेख… […]