सम्भल (बहजोई),
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। साथ ही डिप्थीरिया आउटब्रेक की रोकथाम के लिए स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान 2026 पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डिप्थीरिया नियंत्रण अभियान के उद्देश्य, महत्वपूर्ण तिथियां, कार्ययोजना, लक्षित समूह, टीकाकरण श्रेणियां और जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन की रणनीति पर विचार किया गया। इसके अलावा विभागों के बीच समन्वय, प्रचार-प्रसार, डिजिटल रिपोर्टिंग, एईएफआई प्रबंधन और माइक्रो प्लान की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि माइक्रो प्लान स्कूल और छात्र-छात्राओं के आधार पर तैयार किया जाए तथा टीकाकरण और बच्चों के बैठने की व्यवस्था के लिए अलग-अलग कक्ष सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम की बैठकों में ग्राम समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने और मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को कठोर चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज बिश्नोई, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, जिला पंचायती राज अधिकारी चेतेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
