• Mon. Jul 27th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

अखिलेश की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट, 4 पर FIR:राजभर बोले- अदिति मेरी भी बेटी, लेकिन अखिलेश अपनी गिरेबान में झांके

ByAshok Mishra

Jun 12, 2026

अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव (23) को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में गुरुवार को कानपुर-प्रतापगढ़ में FIR दर्ज हुई। कानपुर में भरत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव और प्रतापगढ़ में शीतला सुजान कवि नाम की आईडी पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर अदिति के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की। इससे समाज में अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई। इसलिए इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इधर, भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने आपत्तिजनक पोस्टों पर आपत्ति जताई है। कहा- सपा प्रमुख की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक बातें फैलाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बेटियों का सम्मान राजनीति से ऊपर है। समाज को ऐसे गलत कामों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। मामले की जांच की जाए।

वहीं, सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा- भाजपा सरकार से निकृष्ट कोई सरकार हो नहीं सकती। ऐसे में क्या कहूं। अगर सपा के लोग जिले-जिले में उतर जाएं तो लॉ एंड ऑर्डर की दिक्कत हो जाएगी।

  • मंत्री राजभर ने लिखा- अदिति यादव मेरी भी बेटी है। लेकिन अखिलेश जी को क्या कहूं? पूरी तरह से ट्विटर, एसी और पीसी के नेता हैं। कोई गंभीरता नहीं। अदिति के खिलाफ लाल-हरी टोपी वालों में से जिसने भी आपत्तिजनक पोस्ट की है, वह शर्मनाक और गुनाह-ए-अजीम है। लेकिन यह समय स्वयं अखिलेश यादव जी समेत सपाइयों के लिए भी अपने गिरेबान में झांकने का है।
  • उन्होंने कहा-सपाई हमेशा लोगों को गालियां देते और दिलवाते रहते हैं। किसी की जाति का, किसी के रंग का, किसी की श्रद्धा का, किसी के कपड़ों का, किसी के पेशे का मजाक उड़ाते रहते हैं। मैं स्वयं अखिलेश के गुंडों का भुक्तभोगी हूं। सोशल मीडिया पर अखिलेश मेरे और मेरे परिजनों के बारे में क्या-क्या लिखवाते रहते हैं।पूरा बहुजन समाज रोज देख रहा है।
  • मंत्री ने कहा-बेटी अदिति यादव के खिलाफ जो घटिया हरकत हुई है, गारंटी से कह सकता हूं कि उसमें भी कोई सपाई ही निकलेगा। इस तरह का घटिया प्रशिक्षण कोई लाल या हरी टोपी पहनने वाले मास्टर साहब की कक्षा में ही मिलता है। महिलाओं के लिए अखिलेश यादव, चचा शिवपाल और आजम खान साहब के बयान उठाकर देख लीजिए।
  • उन्होंने कहा- वैसे बेटी अदिति के मामले में किसी विनोद कुमार यादव का भी नाम सामने आ रहा है। अदिति बेटी, आप पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हम शर्मिंदा हैं। बिटिया, आप से कैसे कहूं कि एक हाथ में चांदी का चम्मच और दूसरे हाथ में बल्लम लेकर पैदा हुए लोगों ने राजनीति को किस गर्त में पहुंचा दिया है, जो शर्मनाक है।

अब दोनों FIR के बारे में पढ़िए

कानपुर में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव ने कराई FIR, बोले- अखिलेश के परिवार की छवि धूमिल हुई कानपुर में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद तीनों के खिलाफ महिला की छवि धूमिल करने, छवि खराब करने के इरादे से धोखाधड़ी और जालसाजी करने तथा आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रवीण यादव ने एफआईआर में लिखा- सोशल मीडिया पर भरत कुमार पटेल नाम की आईडी से अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। भरत कुमार पटेल ने अपनी आईडी से लिखा कि अखिलेश यादव यहां राम मंदिर में 7 करोड़ की चोरी की बात कर रहे हैं, उधर उनकी बेटी, जो लंदन में पढ़ाई कर रही हैं, कुछ दिनों से लापता हैं।

उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अदिति और एक अज्ञात व्यक्ति की फोटो एडिट करके लगाई है, जो पूरी तरह से फर्जी तरीके से तैयार की गई है। किसी सम्मानित परिवार की बेटी का चरित्रहनन करना और उसे सोशल मीडिया पर चलाकर बदनाम करना गंभीर अपराध है।

इस पोस्ट से समाज में अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई है। इससे समाज में काफी रोष है। इस पोस्ट पर नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव ने भी बहुत गंदे कमेंट किए हैं। तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए

प्रतापगढ़ में सपा के महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने एफआईआर में लिखा है कि फेसबुक पर “शीतला सुजान कवि पत्रकार” नाम की एक फर्जी आईडी से अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के बारे में गलत और आपत्तिजनक बातें फैलाई जा रही हैं।

इन पोस्टों में निजी आरोप लगाए गए हैं, जिससे एक महिला की गरिमा, सम्मान और छवि को नुकसान पहुंच सकता है। इससे समाज में भ्रम फैल सकता है और सामाजिक सौहार्द भी बिगड़ सकता है। इसलिए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

अदिति यादव के क्लासमेट आदर्श यादव ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी है। आदर्श ने लिखा है कि RSS का उपजाया ब्राह्मण-बनिया अपग्रेडेड मनुवादी हैं। राम मंदिर में हुई चोरी को छिपाने के लिए ये इतनी नीच हरकत कर सकते हैं, इसका कोई अंदाजा नहीं है।

ये मूर्ख बड़ी बहन अदिति यादव के संबंध में घटिया टिप्पणियां कर रहे हैं, जिनका आधार लंदन कॉलेज यूनिवर्सिटी में टीका है। लेकिन इन मूर्खों को पता नहीं है कि पिछले एक साल से अदिति दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी से लॉ ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं।

इन दिनों सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं और जैसा कि मैं भी लॉ फैकल्टी में उनका बैचमेट हूं, हर परीक्षा के बाद मुलाकात होती है। अदिति अपने दादा मुलायम सिंह और पिता अखिलेश यादव से विरासत में मिले संस्कार और नैतिकता को पूरी तरह आत्मसात करती हैं।

सभी बच्चों से मिलना और उन्हें सम्मान देना उनकी रोज की आदत है। उनके गायब होने की फर्जी खबरें पूरी तरह असत्य हैं। मैं प्रतिदिन का प्रत्यक्षदर्शी हूं।

  • लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा- लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद होना सामान्य है, लेकिन किसी के परिवार, खासकर बेटियों को झूठे आरोपों और अपमान का निशाना बनाना समाज और सार्वजनिक मर्यादा के खिलाफ है। प्रशासन और साइबर सेल से मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
  • मऊ में घोसी सीट से सपा सांसद राजीव राय ने कहा था- यह राजनीति का सबसे घटिया स्तर और मानसिक विक्षिप्तता की पराकाष्ठा है। अखिलेश यादव की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर भद्दे और गंदे पोस्ट किए जा रहे हैं। यूपी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। क्योंकि वह किसी भाजपा नेता की बेटी नहीं है? शर्म करो।
  • पूर्व मंत्री और अयोध्या के सपा नेता पवन पांडेय ने कहा- जब अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी को लेकर सवाल उठाए, तो भाजपा के नेताओं ने आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत हमलों का रास्ता अपना लिया। अखिलेश के परिवार को निशाना बनाना घटिया राजनीति है। यह केवल एक राजनीतिक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी, हर बहन और हर मां के सम्मान पर चोट है।
  • सीतापुर से सपा सांसद आनंद भदौरिया ने कहा- चरित्र पर कीचड़ उछालना कायरों की शान है, बेटियों का सम्मान करना भारत की पहचान है। जो मनगढ़ंत कहानियों से बेटी को बदनाम करना चाहते हैं, क्या वे जनता के गुस्से का परिणाम भी जानते हैं?
  • सपा विधायक रागिनी सोनकर ने कहा- बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ भाजपा सरकार का बस एक खोखला नारा है। जिस तरह भाजपा का ट्रोल इकोसिस्टम अखिलेशजी के परिवार पर अशोभनीय और बेहद घटिया टिप्पणी कर रहा है. उसे पूरा देश देख रहा है। मगर ऐसी टिप्पणी करने वाले लोगों पर न ही कोई कार्रवाई हो रही है और ना ही ऐसी भ्रामक और अशोभनीय बातों को रोका जा रहा है।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968