पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर पांच वर्षों तक देशभर में पदयात्रा, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सौरभ देवांगन का किया सम्मान
चाणक्य न्यूज़ इंडिया | हिमांशु शुक्ला | बलौदाबाजार-भाटापारा
बलौदाबाजार, 14 अक्टूबर 2026। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पांच वर्षों तक पूरे भारतवर्ष में पैदल यात्रा करने वाले जिले के ग्राम जारा निवासी सौरभ देवांगन ने बुधवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने सौरभ के प्रेरणादायक प्रयासों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।
पांच वर्षों तक देशभर में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सौरभ देवांगन ने अपनी लंबी पदयात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण के महत्व को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए। इस अवसर पर सौरभ ने कलेक्टर को पौधा भेंट किया और हरियाली बढ़ाने तथा प्रकृति को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
जल संरक्षण में जनभागीदारी की अहम भूमिका
मुलाकात के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले में जनसहयोग से जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग ढाई लाख जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य ‘गांव का पानी गांव में, शहर का पानी शहर में और खेत का पानी खेत में’ के संकल्प को साकार करना है, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन किया जा सके और भविष्य में जल संकट की चुनौती से निपटा जा सके।
युवाओं से जनआंदोलन बनाने की अपील
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि जनभागीदारी और युवाओं की सक्रिय भूमिका से पर्यावरण संरक्षण एवं जल संचयन के प्रयासों को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने सौरभ देवांगन जैसे जागरूक और समर्पित युवाओं से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जल संवर्धन से जुड़ी जनहितकारी पहलों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
सौरभ देवांगन की पांच वर्षों की पदयात्रा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
