पंजाब BJP के आह्वान पर, पार्टी कार्यकर्ताओं ने मानसा में ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवा कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बुधवार को लुधियाना जिले में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस बीच, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल के नेतृत्व में पार्टी ने डिप्टी कमिश्नर लुधियाना के जरिए पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में BJP ने हत्या मामले की CBI से निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मौके पर राज्य महासचिव अनिल सरीन, रजनीश धीमान, जीवन गुप्ता खास तौर पर मौजूद थे।
BJP ने ज्ञापन में कहा कि सरदार परविंदर सिंह लंबे समय से मानसा में ड्रग्स की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उन्होंने युवाओं को ड्रग्स के चंगुल से बचाने के लिए लगातार अभियान चलाया। उन्हें 13 अक्टूबर को सरेआम गोली मार दी गई थी। उनकी हत्या ने ड्रग्स के खिलाफ लड़ने वालों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
BJP ने गवर्नर से मांग की है कि मर्डर केस की जांच तुरंत CBI को सौंपी जाए। इसके साथ ही, हमलावर के कॉल रिकॉर्ड, WhatsApp चैट, CCTV फुटेज और Facebook लाइव स्ट्रीम समेत सभी डिजिटल सबूत संभालकर रखे जाएं।
पार्टी ने पीड़ित परिवार, खासकर नाबालिग बच्चों के लिए तुरंत पुलिस सुरक्षा, पंजाब में पूरे ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क और उसे मिल रहे कथित राजनीतिक संरक्षण की पूरी जांच और मर्डर में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

