एटा जलेसर ऑल इंडिया किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी
एटा जलेसर। ऑल इंडिया किसान यूनियन के बैनर तले 28 दुकानदारों को बेदखल किए जाने के विरोध में नगर पालिका परिषद जलेसर के समक्ष चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आज 11वें दिन भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहा।
धरना प्रदर्शन में किसानों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों की लगातार सहभागिता देखने को मिल रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से स्थापित दुकानों को हटाने से 28 परिवारों की रोज़ी-रोटी पर सीधा संकट खड़ा हो गया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह लोधी, ग्राम सेवक शर्मा, लेखराज सिंह, हसीन मोहम्मद, राशिद नसीम, भगवान सिंह, सत्य प्रकाश सहित अनेक किसान नेता, समाजसेवी एवं प्रभावित दुकानदार मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्थायी एवं न्यायसंगत समाधान निकाला जाए।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से जारी है। वहीं प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल न होने से आंदोलनकारियों में रोष भी देखा जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर लगातार बढ़ती भीड़ से यह साफ है कि आंदोलन को जनसमर्थन मिल रहा है और आने वाले दिनों में यह और तेज़ हो सकता है।
