जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी
ब्यूरो प्रमुख -बस्ती जनपद
दिनांक: 16 जनवरी 2026
बस्ती : सिंचाई बन्धु के उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि किसान-हित सर्वोपरि है, उक्त बातें ध्यान में रखकर अधिकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कृषकों के लिए करें।
उन्होंने गत बैठक की कार्यवाही के सम्बन्ध में उपलब्ध करायी गयी विभागीय आख्या पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के बाद भी संतोषजनक आख्या प्रस्तुत नहीं की जा रही है यह कृत्य किसान हित में सही नहीं है। इस सम्बन्ध में बैठक में उपस्थित जिला विकास अधिकारी अजय सिंह ने नोडल अधिकारीव अधिशासी अभियन्ता, सरयू नहर खण्ड-4, बस्ती दिनेश मोहन को निर्देश दिया कि अगली बैठक में नामित विभागों के अधिकारी व अधिशासी अभियन्ता स्वतः प्रतिभाग करें तथा अनुपालन आख्या समय सीमा में ही प्रेषित कर दें, अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के विरूद्ध प्रतिकूल कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम ने बताया कि जनपद में 520396 के सापेक्ष 286578 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है। किसानों के लिए गन्ने के साथ सह फसल के रूप में उड़द व मूंग का बीज किट अनुदान सहित देने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जो शीघ्र ही पंजीकृत किसानों को दिया जायेगा।
जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 किसानों को गन्ना भुगतान मूल्य 29 करोड़ के सापेक्ष अभी तक 24 करोड़ दिलाया गया है। वर्तमान में भी कृषकों को गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्रता से किया जा रहा है।
विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चंद्र सोनकर ने कहा कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान काफी विलम्ब होने पर धनराशि का ब्याज भी किसानों को दिया जाना चाहिए, ऐसा शासन की स्पष्ट मंशा है।
विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्रा ने कहा कि नलकूप विभाग के द्वारा बन्द पड़े नलकूपों की सूची भ्रामक है, अद्यतन वास्तविक स्थिति कुछ और है। जबकि जे0ई0 ने बताया कि चार नलकूप यांत्रिक दोष से तथा चार नलकूप विद्युत दोष से बाधित है, इनके संचालन की कार्यवाही की जा रही है।
उद्यान विभाग के प्रतिनिधि अधिकारी द्वारा बताया गया कि सब्जी और औषधीय पौधों की खेती के लिए कृषकों को अनुदानित बीज कृषक पंजीकरण के माध्यम से दिया जा रहा है।
पशुपालन विभाग के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 20 जनवरी से जिले में खुरपका व मुंहपका का टीकाकरण पशुओं का कराया जायेगा। इसका लक्ष्य 2.50 लाख है। जनपद में 85 हजार गोपालक हैं, महिष पालन में वृद्धि हुई है जबकि गोपालकों की संख्या घटी है। गोपालन के संवर्धन हेतु नन्दिनी एवं मिनी नन्दिनी डेयरी योजना संचालित की जा रही है।
बैठक का संचालन सरयू नहर खण्ड-4, बस्ती के सहायक अभियन्ता अजय कुमार ने किया। बैठक में सदर विधायक प्रतिनिधि मो0 सलीम, महादेवा प्रतिनिधि फूलचन्द श्रीवास्तव, रूधौली प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य, त्रिलोचन नाथ तिवारी, लाल बहादुर, राजन कुमार गौड़, शिव गोपाल शुक्ला, सौरभ सिन्हा, अम्बिकेश प्रताप सिंह, शिवचरन, धर्मजीत यादव, अभिलाख, रमेश कुमार मौर्य, सुजीत गुप्ता, अनिल कुमार पटेल, दुर्गेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
