गाजीपुर 25 अप्रैल, 2026 (सू0वि0)- जनपद गाजीपुर के विकास खण्ड करण्डा अंतर्गत ग्राम कटरियां निवासी श्री सियाराम शर्मा की पुत्री की दिनांक 15.04.2026 को जमानियां स्थित गंगा नदी में कूदकर हुई दुखद मृत्यु के प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा त्वरित संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की गई। मा० मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मा० मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग, उ०प्र० श्री ओम प्रकाश राजभर , मा0 राज्य सभा सांसद डा0 संगीता बलवंत तथा भारतीय जनता पार्टी से एमएलसी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वाराणसी श्री हंसराज विश्वकर्मा मृतका के आवास पर पहुंचे और शोक संतृप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान मा० मंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है और इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त दिया कि सरकार द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इसी क्रम में मृतका के परिजनों को 05 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति का प्रमाण पत्र एवं नवरन परजर तक कृषि हेतु भूमि पट्टा आवंटन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया, जिससे परिवार को स्थायी आवास एवं सुरक्षा मिल सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा संबंधित योजनाओं का लाभ शीघ्रता से दिलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित परिवार को त्वरित राहत पहुंचाई गई है तथा भविष्य में भी आवश्यक सहयोग जारी रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा पुनः शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया गया कि शासन एवं प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ० ईरज राजा, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्री दिनेश कुमार, एसपी सिटी श्री राकेश मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक/पुलिस अधिकारीगण एवं संबंधित उपस्थित रहे।
