• Sun. Jul 26th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

महाराष्ट्र के पालघर में ट्रक-कंटेनर की टक्कर, 12 की मौत:25 घायल; ट्रक में 100 से ज्यादा लोग सवार थे, सभी सगाई में जा रहे थे

ByAshok Mishra

May 18, 2026

महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को ट्रक और कंटेनर की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक सवार 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक डहाणू तहसील के बापूगांव से 100 से ज्यादा लोग एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रक में जा रहे थे। इसी दौरान पालघर जिले के धानीवरी गांव के पास सामने से आ रहे कंटेनर से ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक और कंटेनर दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक में बैठे कई लोग उसके नीचे दब गए। मृतकों और घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस दुर्घटना के कारण मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक बहाल कराया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही मानी जा रही है।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968