हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं तेजी से अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अर्धकुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
पहली परियोजना के तहत 51 किलोमीटर लंबा छह-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे बनाया जा रहा है, जो हरिद्वार को सीधे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इस परियोजना का करीब 92% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और लगभग 46 किलोमीटर सड़क तैयार हो चुकी है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहन बिना शहर के अंदर प्रवेश किए सीधे हरिद्वार पहुंच सकेंगे।
वहीं दूसरी ओर 15 किलोमीटर लंबे हरिद्वार बाईपास (पैकेज-1) का लगभग 77% कार्य पूरा हो चुका है। यह बाईपास बहादराबाद से चंडी देवी मंदिर के पास NH-34 तक जाएगा। इसके शुरू होने से हर की पैड़ी, चंडी चौक और शंकराचार्य चौक जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।
इसके अलावा हरिद्वार-मुजफ्फरनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाईओवर, अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण भी तेजी से जारी है। साथ ही Advanced Traffic Management System (ATMS) लागू कर रियल-टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि हरिद्वार की यातायात व्यवस्था भी पहले से अधिक सुगम और आधुनिक बन जाएगी।
#Haridwar #DelhiDehradunExpressway #NHAI #Uttarakhand #Infrastructure #ArdhKumbh2027 #DevbhoomiUttarakhand #विवेक त्रिपाठी स्टेट हेड #चाणक्य न्यूज इंडिया #उत्तराखंड
