जैसलमेर, 17 जुलाई। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच सीएनजी वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा राज्यव्यापी विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जैसलमेर जिले में पोकरण स्थित सीएनजी पंप का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें गैस की आपूर्ति निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई एवं किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।
विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा 13 से 17 जुलाई तक संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत 16 जुलाई को पोकरण स्थित सीएनजी पंप का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिस्पेंसिंग यूनिट, गैस आपूर्ति प्रणाली तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही गैस की मात्रा का तकनीकी परीक्षण किया गया।
जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम सीएनजी देकर किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान न पहुंचाया जा रहा हो। विभागीय अधिकारियों द्वारा किए गए परीक्षण में गैस की आपूर्ति एवं माप पूरी तरह नियमों और निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी गौरव गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और माप-तौल प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी जिलेभर में इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं विशेष जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी सीएनजी, पेट्रोल या डीजल पंप पर माप-तौल अथवा आपूर्ति में किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर उपभोक्ताओं के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
