देशभर में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना में रेड अलर्ट है। रेड अलर्ट का मतलब है 24 घंटे में 204mm से ज्यादा बारिश।
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड के पास लैंडस्लाइड होने से केदारनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन बंद है।
पहाड़ी-मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। गंगाजल भरने गए कांवड़िए को SDRF टीम ने बहने से बचा लिया।
उत्तर प्रदेश के बलिया में सरयू नदी का कटाव तेज हो गया है। पानी गांवों में घुस गया है। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने से कटान और तेज हो गया है।
