स्थान-सुलतानपुर उत्तर प्रदेश,रिपोर्ट-संतोष कुमार पाण्डेय, विशेष सम्वाददाता चाणक्य न्यूज इंडिया आगामी बारावफात(ईद-मिलाद-उन-नबी)पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व पुलिस अधीक्षक चारू निगम की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी/धर्मगुरूओं के साथ बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता के सम्बन्ध में विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) द्वारा आगामी त्यौहार के दृष्टिगत थानावार, तहसीलवार पीस कमेटी की बैठक के सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गयी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने क्षेत्र के अन्तर्गत निकलने वाले जुलूस के स्थानों का निरीक्षण कर लें तथा सम्बन्धित पीस कमेटी से वार्ता कर सभी आधारभूत सुविधाओं जैसे- साफ-सफाई, बिजली, पानी, यातायात, सड़क आदि के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को समय से अवगत करा दें, जिससे त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराया जा सके। उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को धार्मिक स्थलों, जुलूस/मार्गों तथा प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा संवेदनशील स्थानों पर विद्युत सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा लॉ एण्ड ऑर्डर के दृष्टिगत समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी पीस कमेटी की बैठक अवश्य कर लें तथा सम्बन्धित शांति समितियों से बेहतर संवाद कायम करते हुए आगामी त्यौहार को शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न करायें। उन्होंने निर्देशित किया जुलूस निकालने व उसमें प्रयुक्त होने वाले डी.जे. की ध्वनि निर्धारित मानक के अनुरूप रखी जाय। उन्होंने कहा कि अनुमति प्रदान करते समय उपरोक्त सभी बातों का ध्यान रखें।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिये। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बिना अनुमति कोई जुलूस/कार्यक्रम आयोजित न हो तथा निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन सुनिश्चित कराया जाए। सम्बन्धित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने तथा स्थानीय आयोजकों एवं सम्बन्धित पक्षों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि बारावफात पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द का पर्व है। जनपद में पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों जैसे- जिला पंचायतराज अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, ए.सी. विद्युत, एक्सीईन पी0डब्ल्यू0डी0 को निर्देशित किया कि सभी शांति समितियों द्वारा चिन्हित किये गये कार्यों को ससमय पूर्ण करायें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, मुख्य अभियंता विद्युत वितरण खंड, संबंधित अधिशासी अभियंता, अधिशासीअधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, परिवहन विभाग तथा पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी, पीस कमेटी के प्रतिनिधि व धर्मगुरू उपस्थित रहे।
डीएम व एसपी महोदया की सयुक्त अध्यक्षता में आगामी बारावफात (ईद-मिलाद-उन-नबी) पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पीस कमेटी/धर्मगुरूओं के साथ बैठक हुई आयोजित।*
