भिटौली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर स्थित पतली नहर के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय हेमंत प्रजापति की गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्युत पोल टूटकर जमीन पर गिर गया।
मृतक लक्ष्मीपुर शिवाला निवासी हेमंत प्रजापति दसवीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वह अपनी मां राजवंता को किसी जरूरी काम से बाइक से भिटौली लेकर आया था। मां को छोड़ने के बाद वह अपनी चाची के मायके जोगिया जाने के लिए निकला था। धर्मपुर चौराहे से होते हुए तुलसीपुर पहुंचते ही हादसा हो गया।
सूचना पर भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता लक्ष्मण रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में हैं, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति काफी तेज थी।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
