• Thu. Sep 24th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

सड़क हादसों में ‘गोल्डन आवर’ के दौरान मिलेगी त्वरित मदद, ₹1.50 लाख तक कैशलेस इलाज

ByAshok Mishra

Sep 24, 2026

पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बलौदाबाजार, कसडोल, सिमगा और भाटापारा में संयुक्त कार्यशाला आयोजित

बलौदाबाजार-भाटापारा, 24 सितंबर 2026। गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को हादसे के बाद के महत्वपूर्ण ‘गोल्डन आवर’ में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देश पर बलौदाबाजार, कसडोल, सिमगा और भाटापारा अनुविभाग में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, विवेचकों तथा शासकीय एवं निजी अस्पतालों के TMS ऑपरेटरों को योजना की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संजय कुमार साहू एवं जिला डीआरएम श्री मनोज मांडले ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना के प्रभावी संचालन के संबंध में प्रशिक्षण दिया।

₹1.50 लाख तक कैशलेस इलाज

अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पीएम राहत योजना के तहत ₹1.50 लाख तक का त्वरित कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। यह सुविधा जिले के पंजीकृत शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी लागू है, ताकि आर्थिक अथवा प्रशासनिक कारणों से किसी घायल के उपचार में देरी न हो।

iRAD/e-DAR पोर्टल पर तत्काल होगी कार्रवाई

कार्यशाला में iRAD/e-DAR पोर्टल पर दुर्घटना की जानकारी तत्काल दर्ज करने और अस्पताल से प्राप्त उपचार संबंधी ऑनलाइन रिक्वेस्ट का थाना स्तर पर शीघ्र सत्यापन कर डिजिटल अप्रूवल देने की प्रक्रिया समझाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि दुर्घटना के बाद पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय से आवश्यक कागजी प्रक्रिया को कम समय में पूरा कर घायल का इलाज शीघ्र शुरू कराया जा सकता है।

अब तक 144 घायलों को मिला कैशलेस इलाज

पुलिस के अनुसार, पीएम राहत योजना के अंतर्गत अब तक जिले में 144 आहतों को कैशलेस इलाज का लाभ मिल चुका है। योजना का लाभ शत-प्रतिशत पात्र पीड़ितों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यशाला में अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटा घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में आर्थिक या प्रशासनिक बाधा के कारण उपचार में देरी नहीं होनी चाहिए। योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर बहुमूल्य जीवन बचाना है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस एवं जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आएं और समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशुशुक्ला
बलौदाबाजार-भाटापारा

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968