शरद पूर्णिमा पर फतेहपुरिया बगीची में लगेगा 29वां निःशुल्क श्वास रोग निदान एवं चिकित्सा शिविर
रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगा शिविर, श्वास एवं फेफड़ों से संबंधित रोगियों को मिलेगी चिकित्सा सुविधा
शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर कल्याण आयुर्वेदिक औषधालय के तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर को फतेहपुरिया बगीची में 29वें निःशुल्क श्वास रोग निदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर रात्रि 8 बजे से प्रातः 6 बजे तक चलेगा। शिविर में श्वास एवं फेफड़ों से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों को चिकित्सा परामर्श एवं आयुर्वेदिक औषधि उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
वैद्य हरिमोहन शर्मा ने बताया कि आयुर्वेदिक परंपरा में शरद पूर्णिमा की रात्रि को विशेष महत्व दिया जाता है। इस अवसर पर चंद्र किरणों के संपर्क में रखकर विशेष औषधि तैयार करने की परंपरा है। इसी मान्यता के अनुरूप शिविर में श्वास रोगियों के लिए विशेष औषधि तैयार कर सेवन कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में खांसी, जुकाम, श्वास संबंधी परेशानी तथा फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि शरद ऋतु के प्रारंभ में मौसम परिवर्तन के कारण कई लोगों को श्वसन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शिविर के माध्यम से रोगियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्वास रोगी पहुंचकर चिकित्सा सुविधा का लाभ लेते हैं।
पूर्व पंजीकरण करवाना आवश्यक
शिविर में भाग लेने के इच्छुक श्वास एवं फेफड़ों से संबंधित रोगों से पीड़ित व्यक्तियों से कल्याण आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पूर्व पंजीकरण करवाने की अपील की गई है, ताकि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर शिविर की चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
आयोजकों ने अधिकाधिक रोगियों से शिविर में पहुंचने की अपील की है।
