• Thu. Aug 13th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

AYODHYA दो दिवसीय विधायक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

ByAshok Mishra

Dec 21, 2025

AYODHYA दो दिवसीय विधायक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, प्रतिभाओं को मिल रहा है मंच

– विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर सरकार बना रही है आर्थिक नीतियां: डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल

– युवाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं विधायक खेल प्रतियोगिताएं : वेद प्रकाश गुप्ता
रिपोर्टर अभिषेक सिंह
AYODHYA । डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल डाभासेमर में आयोजित दो दिवसीय विधायक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे उड़ाकर किया। उद्घाटन अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

आयोजन समिति की ओर से अमल गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जबकि दूसरे दिन रविवार को कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर आर्थिक नीतियां बनाई गई हैं, जिससे देश पुनः अपने गौरव को प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन 11 वर्षों में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंचने वाला है। खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिला है और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए विधायक खेल प्रतियोगिता जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विधायक खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें अनुशासन व स्वस्थ जीवन की दिशा मिलती है। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया योजना और प्रदेश सरकार की खेल नीति के कारण आज खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल रहे हैं।

प्रतियोगिता में जूनियर वॉलीबॉल के सात मुकाबले खेले गए, जिनमें राजपूत क्लब और कैम्ब्रियन स्कूल विजेता रहे। अवध क्लब ने ललई पुरवा को, ग्रामोदय किसान टीम ने अजंना को, डाभासेमर ने जीआईसी को, गुरुनानक टीम ने ताहिरपुर को, रघुपुर ने मलिकपुर को तथा आईएमए ने श्याम क्लब को पराजित किया। सीनियर वर्ग में दुगवा ने राजपूत क्लब, सरोजनी देवी टीम ने झुनझुनवाला, रामकोट ने ज्ञानपुर और डाभासेमर ने बिहारीपुर की टीम को हराया।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में सीनियर 400 मीटर दौड़ में सुष्मिता यादव प्रथम व प्रीति यादव द्वितीय रहीं। जूनियर 400 मीटर में रचना मौर्या प्रथम व पायल द्वितीय तथा सब जूनियर में गीता प्रथम व आयुषी द्वितीय स्थान पर रहीं। पुरुष सीनियर 400 मीटर में विकास प्रथम व निशांत द्वितीय रहे। 600 मीटर, 100 मीटर एवं 1500 मीटर की विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, गन्ना चेयरमैन दीपेंद्र सिंह, शैलेंद्र कोरी, तिलकराम मौर्य, अभय सिंह, शंभूनाथ सिंह दीपू, हरभजन गौड़, विश्वनाथ सिंह, दिनेश मिश्र, रवि सोनकर, कपिल देव वर्मा, हेमंत जायसवाल, दिव्य प्रकाश तिवारी, युवा कल्याण अधिकारी मसौधा रोशनी श्रीवास्तव, अभिषेक चौबे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968